प्रेस विज्ञप्तियां[वापस जाएं]

December 14, 2012
नई दिल्ली

सतगुरु जगजीत सिंह के निधन पर प्रधान मंत्री ने अपनी संवेदना व्यक्त की

सिखों के नामधारी पंथ के प्रमुख सतगुरु जगजीत सिंह के निधन पर प्रधान मंत्री ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। माता हरचंद कौर जी को भेजे अपने संदेश में डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि सतगुरु जगजीत सिंह के निधन से उनके लाखों चाहने वालों ने अपना आध्यात्मिक मार्गदर्शक खो दिया। प्रधान मंत्री ने कहा कि सतगुरु का शांति और भाई-चारे का संदेश हमेशा हमारा मार्ग प्रशस्त करता रहेगा।

प्रधान मंत्री के संदेश का पाठ निम्न प्रकार है:-

"सतगुरु जगजीत सिंह के निधन का समाचार पाकर मुझे बहुत दुख और आघात पहुंचा है।

सतगुरु की शिक्षाएं हमेशा ही समस्त धर्मों के प्रति आदर के सिद्धांत पर आधारित रही हैं। उनका सादगी भरा जीवन दूसरों की सेवा में समर्पित रहा। वे लाखों लोगों के मार्गदर्शक और प्रेरणा तथा सांत्वना के स्रोत थे। वे एक जानेमाने संगीतज्ञ थे और दुर्लभ तथा मूल रागों के अच्छे जानकार थे। वे भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपराओं के संरक्षण के कार्य करते रहे।

इस दुखद मौके पर आपको और सतगुरु के परिजनों तथा उनके असंख्य अनुयायियों को मेरी हार्दिक संवेदनाएं।"