भाषण [वापस जाएं]

January 8, 2012
जयपुर


दसवें प्रवासी भारतीय दिवस पर प्रधानमंत्री का संबोधन

इस वर्ष मुख्य अतिथि के रुप में एक बेहद विशिष्ट प्रवासी भारतीय का स्वागत करना हमारे लिए गौरव का विषय है। त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री के रुप में श्रीमती कमला प्रसाद बिसेसर ने इतिहास रचा है। इससे पूर्व शिक्षा और कानून के क्षेत्र में अपने कार्य द्वारा उन्होंने विशिष्टता प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने जन सेवा के क्षेत्र में पदार्पण किया और इस बात को साबित किया कि अपनी प्रतिभा, समर्पण और प्रतिबद्धता की बदौलत इंसान विश्व में कहीं भी क्या कुछ हासिल कर सकता है।"

"इस वर्ष प्रवासी भारतीय दिवस की दसवीं वर्षगांठ है जिसे मनाने की शुरुआत वर्ष 2003 से हुई थी। यह दशक दुनिया भर में वैश्विक भारतीयों के प्रभाव और असर में स्पष्ट दृष्टिगत वृद्धि को दर्शाता है। हम उनकी संख्या, सफलता के स्तर और उनके कौशल में लगातार वृद्धि के साक्षी हैं।"

"संसद के पिछले सत्र में हमने नागरिक कानून में संशोधन कर भारतीय मूल के लोगों और प्रवासी भारतीयों की योजना के विलयन और इसे सरल और कारगर बनाने के लिए एक विधेयक प्रस्तुत किया था इससे इस योजना की कुछ असंगतियां दूर हो जाएंगी और इस प्रकार के कार्ड धारकों के विदेशी पति-पत्नियों को प्रवासी भारतीय कार्ड प्रदान किया जाएगा।"

"प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय द्वारा ई-प्रवास परियोजना का कार्यान्वयन कर रहा है जिससे आव्रजन प्रणाली में सभी प्रक्रियाओं के लिए शुरु से अंत तक कंप्यूटरीकृत समाधान प्राप्त हो सकेगा।"

"प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए काफी खुशी हो रही है कि सरकार ने प्रवासी भारतीय श्रमिकों के लिए एक नवीन पेंशन और जीवन बीमा फंड को पेश करने और इसका प्रायोजक बनने का निर्णय लिया है। यह योजना प्रवासी भारतीयों को स्वेच्छा से उनकी वापसी और पुनःस्थापन तथा बुढ़ापे के लिए बचत करने में प्रोत्साहन, सक्षम और मददगार होगी। प्राकृतिक मृत्यु की स्थिति में यह कम लागत की जीवन बीमा भी मुहैया कराएगी। यह योजना विदेशों में रह रहे हमारे श्रमिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करती है।"

उन्होंने कहा कि- "खाड़ी और पश्चिम एशिया में छह मिलियन से भी अधिक भारतीय रह रहे हैं। दुनिया के इस भाग में हाल ही में हो रहे घटनाक्रमों के संबंध में हमें सतर्क रहना होगा। इस क्षेत्र के देशों को हमने यह बात बता दी है कि हम इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहते हैं और हम आशा करते हैं कि वे अपने देशों में भारतीय समुदाय के हितों की रक्षा करेंगे।"

"पिछले वर्ष मंत्रिमंडलीय सचिव के तहत हमने एक अंतर-मंत्रालयी समिति का गठन किया था जो पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों से प्रभावित भारतीय नागरिकों के स्वदेश लौटने, उन्हें राहत पंहुचाने और उनके पुनःस्थापन संबंधी मुद्दों पर अपनी संस्तुतियां प्रस्तुत कर सके। प्रवासी मामलों के मंत्रालय ने इन संस्तुतियों को लागू करने के लिए एक कार्य योजना तैयार की है।"

"इस वर्ष आयोजन का विषय है "वैश्विक भारतीय-समावेशी विकास।" भारतीय सभ्यता और समाज का चरित्र हमेशा ही समावेशी रहा है। इसलिए यह स्वाभाविक है कि हमारी राजनैतिक और आर्थिक गतिविधियों को भी अपने अनुस्थापन और अपने परिणामों में समावेशी होना होगा।"

"वैश्विक भारतीय हमारी प्राचीन विविधता का प्रतीक है। आपकी व्यक्तिगत सफलता और निजी उपलब्धियां इस बात का प्रतीक है कि हमारे जैसे विविधतापूर्ण लोग क्या कुछ हासिल कर सकते हैं।